नारायणपुर, 12 मई 2026

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अबूझमाड़ इलाके के जंगल में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद किया है। कार्रवाई में 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपए नकद, AK-47 समेत कई ऑटोमैटिक हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।
यह ऑपरेशन नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चलाया। सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला, जिसकी तलाशी लेने पर हथियार, गोला-बारूद और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
बरामद हथियारों में AK-47, SLR, इंसास और 303 रायफल के साथ बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा BGL सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सली वर्दियां, वायरलेस उपकरण और अन्य विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।
सुरक्षाबलों के मुताबिक बीते एक महीने में अबूझमाड़ के जंगलों में लगातार नक्सली ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। हालिया ऑपरेशन में 3 AK-47, 3 SLR रायफल, 2 रायफल 303 और एक 315 बोर रायफल के अलावा कई मैग्जीन और सैकड़ों कारतूस बरामद किए गए हैं। जवानों ने 132 BGL सेल, 14 BGL कार्टेज, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, सोरा और व्हाइट पाउडर जैसी विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है।
इसके अलावा वॉकी-टॉकी, मोटोरोला सेट, रेडियो सेल और बिजली वायर जैसे संचार उपकरण भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे।
नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लगातार चल रही कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क कमजोर हो रहा है और क्षेत्र में शांति एवं विकास की प्रक्रिया तेज हुई है।



