सतीश शर्मा

रायपुर, 13 मई 2026
राजधानी रायपुर के बीरगांव इलाके में मितानिन के घर विस्फोटक सामग्री रखने वाले आरोपी विनय कुमार देवांगन को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पारिवारिक तनाव से परेशान था और खुद को बम से उड़ाकर आत्महत्या करने की योजना बना रहा था।
मामला 7 मई 2026 का है, जब खमतराई थाना पुलिस को सूचना मिली कि प्रगति चौक स्थित पुष्पा साहू के घर के बाहर एक संदिग्ध काला बैग रखा हुआ है। बैग को विनय देवांगन रात में छोड़कर गया था और सुबह तक वापस नहीं लौटा। संदेह होने पर बैग खोला गया तो उसमें बम जैसी सामग्री और एयर पिस्टल मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस, BDS टीम और बैलिस्टिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। जांच में बैग से तीन IED जैसे बम, वायर, बैटरी, मोबाइल चिप, फिलामेंट और एक एयर पिस्टल बरामद हुई। टीम ने विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज किया। प्राथमिक जांच में सामग्री विस्फोटक पाई गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भनपुरी इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में विनय देवांगन ने बताया कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर उसने विस्फोटक तैयार किए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से बैटरी, वायर, फटाका ज्वाइंटर और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी विनय कुमार देवांगन (49) मूल रूप से ग्राम मलौद, सिलयारी का रहने वाला है और फिलहाल बीरगांव में रह रहा था।



