सतीश शर्मा
रायपुर, 13 मई 2026

राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाके में जुलूस निकाला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुख्यात बदमाश राजा बैझड़ और उसके साथी विवेक दुबे के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों में खौफ पैदा करने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक मुंबई मार्केट इलाके में फल का ठेला लगाता है। युवक 11 मई की रात करीब 10:20 बजे दुकान बंद कर दिनभर की बिक्री के 36 हजार 600 रुपए लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान महतो गैरेज के पास राजा बैझड़ अपने साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा से पहुंचा और युवक को बहाने से गली में ले गया।
पीड़ित ने बताया कि गली में पहुंचते ही आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। एक आरोपी ने पीछे से गला पकड़ लिया, जबकि अन्य ने हाथ पकड़कर चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 36 हजार 600 रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद युवक ने परिचितों और परिजनों को जानकारी देने के बाद मौदहापारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी राजा बैठक उर्फ राजा बैझड़ तथा उसके साथी विवेक दुबे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का इलाके में जुलूस निकाला। अधिकारियों ने कहा कि शहर में लूट, चाकूबाजी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



