सतीश शर्मा
रायपुर, 19 मई 2026

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरियाबंद, धमतरी, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हल्की बारिश और तेज हवाओं के बावजूद लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में प्रदेश में उमस और तेज धूप लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है। खासकर दोपहर के समय लू जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग बेहाल नजर आए।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट खतरे की शुरुआती चेतावनी मानी जाती है। इसका अर्थ है कि मौसम फिलहाल सामान्य या हल्का खराब हो सकता है, लेकिन आगे स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। गर्मियों में येलो अलर्ट आमतौर पर लू, अत्यधिक तापमान या तेज आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए जारी किया जाता है।



