सतीश शर्मा
रायपुर, 21 मई 2026

छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे अब कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ गई है। गिरफ्तार आरोपियों में बेमेतरा जिले के एक स्कूल में पदस्थ PTI शिक्षक भी शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि PTI शिक्षक ने हाथ से लिखकर तैयार किया गया प्रश्नपत्र 3 हजार रुपये में कांग्रेस से जुड़े NSUI नेता को उपलब्ध कराया था। इस पूरे नेटवर्क में विकास सेन की भूमिका भी सामने आई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल की शिकायत पर 17 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पहले NSUI नेता वेणु कुमार जंघेल को गिरफ्तार किया गया, जिसे इस पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रश्नपत्र बेमेतरा जिले के बोरतरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ PTI शिक्षक जवाहर लाल कुर्रे ने उपलब्ध कराया था। यह प्रश्नपत्र हाथ से लिखा हुआ था और इसे आगे प्रसारित किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि 13 मार्च की रात टेलीग्राम ग्रुप में 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होकर इमेज के रूप में वायरल हुआ था। यह पेपर परीक्षा से लगभग 10 घंटे पहले ही छात्रों तक पहुंच गया था।
कुछ ही मिनटों में यह इमेज हजारों छात्रों तक फैल गई, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब बेमेतरा के केंद्र प्रभारी और परीक्षा नियंत्रक भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में लापरवाही और संभावित मिलीभगत के संकेत मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यह एक संगठित नेटवर्क हो सकता है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल पूरे पेपर लीक रैकेट और डिजिटल नेटवर्क की गहन जांच जारी है।



