मीडिया 24 डेस्क
बिलासपुर, 21 मई 2026। जिले में डीजल की भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों के बीच अब चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने खड़ी 12 चक्का ट्रक से 294 लीटर डीजल चोरी कर लिया।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर संजय अग्रवाल का ट्रक 18 मई को बीयर लोडिंग-अनलोडिंग के लिए सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन परिसर में खड़ा किया गया था। काम खत्म होने के बाद चालक महावीर सोनी ने रात करीब 11:30 बजे ट्रक के केबिन में ही आराम किया।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर ट्रक की टंकी का लॉक तोड़ दिया और पूरी टंकी से 294 लीटर डीजल निकाल लिया। सुबह जब चालक की नींद खुली तो टंकी का लॉक टूटा हुआ और पूरा डीजल गायब मिला। नीचे जमीन पर डीजल के निशान भी पाए गए।
स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के अनुसार, उसी रात पास में खड़े एक अन्य ट्रक से भी इसी तरह डीजल चोरी की घटना हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी संगठित गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है।
बताया जा रहा है कि डीजल की कमी के चलते चोरी किया गया ईंधन आसानी से कंस्ट्रक्शन साइट्स और छोटे धंधेबाजों को बेच दिया जा रहा है। इससे ऐसे अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है।
घटना के बाद ट्रांसपोर्टर समुदाय में नाराजगी है और उन्होंने रात्री गश्त बढ़ाने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।



