बीजापुर, 27 मई 2026
बीजापुर जिले के भोपालपटनम नगर पंचायत में सामने आए 62 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता मामले में राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) विकास पाटले और लेखापाल सूर्यकिरण चिडेम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद नगर पंचायत और विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों अधिकारियों ने पदस्थापना के दौरान पार्षदों से सांठगांठ कर संदेहास्पद तरीके से मांग पत्र तैयार किए। इसके साथ ही सामग्री खरीदी में भंडार क्रय नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट में वित्तीय लेनदेन और भुगतान प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं।
मामले में यह भी पाया गया कि अटल चौक निर्माण कार्य के दौरान मद परिवर्तन कर 15वें वित्त आयोग की राशि से बिना सक्षम अनुमति भुगतान किया गया। इसके अलावा बिना अवकाश स्वीकृति के अग्रिम वेतन आहरण का मामला भी सामने आया है।
शासन के अनुसार इन सभी मामलों में करीब 62 लाख रुपए की वित्तीय अनियमितता पाई गई है। प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारियों को दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी और आने वाले दिनों में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।



