जगदलपुर, 27 मई 2027
छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता गोदामों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीजापुर के बाद अब जगदलपुर के सरगीपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। गोदाम के 5 नंबर फड़ में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि गोदाम में पिछले वर्ष संग्रहित तेंदूपत्ता रखा हुआ था, जिसकी बिक्री पहले ही हो चुकी थी। हालांकि आग से हुए नुकसान का सही आंकलन अभी नहीं हो सका है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अधिकारी नुकसान का मूल्यांकन करने के साथ-साथ आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि आग आसपास के हिस्सों तक न फैल सके।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही बीजापुर के तेंदूपत्ता गोदाम में भी भीषण आग लगी थी, जिसमें करोड़ों रुपये के नुकसान की बात सामने आई थी। लगातार दूसरी घटना के बाद वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और गोदामों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में तेंदूपत्ता गोदामों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, क्योंकि सूखे पत्तों में आग तेजी से फैलती है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की टीम स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।



