सतीश शर्मा
रायपुर, 03 जून 2026

रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU) में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर अनियमितताओं, छात्र विरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव करते हुए आरोप लगाया कि लगभग ₹7 करोड़ की लागत से बने ऑडिटोरियम की गुणवत्ता बेहद खराब है और वह उद्घाटन से पहले ही जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। इस मामले में उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग की गई है।
साथ ही संगठन ने पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शाहिद अली को लेकर भी सवाल उठाए। आरोप है कि सेवा समाप्ति के आदेश के बावजूद उन्हें पुनः विश्वविद्यालय में प्रवेश दिया गया, जो प्रशासनिक पारदर्शिता पर प्रश्न खड़े करता है।
छात्रों ने यह भी मुद्दे उठाए कि विश्वविद्यालय में पानी की समस्या, खराब मेस व्यवस्था, बिजली कटौती, खेल सुविधाओं की कमी और स्टूडियो का उपयोग न होना जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं।
घंटों चले प्रदर्शन के बाद कुलसचिव ने जांच और समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया। अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



