सतीश शर्मा
रायपुर, 04 जून 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू के नेतृत्व में 07 जून 2026 को प्रदेशभर में व्यापक महावृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में समाज की सभी इकाइयों, जिला संगठनों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पेड़ लगाने का आह्वान किया गया है।

डॉ. नीरेन्द्र साहू ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण असंतुलन और जल संकट गंभीर चुनौती बन चुके हैं, जिनसे निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।
संघ ने सभी समाजजनों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा इसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
इसके साथ ही संगठन ने जल संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया है। वर्षा ऋतु से पहले घरों एवं आसपास सोख्ता निर्माण, वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनाने का संदेश दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. साहू ने सभी सदस्यों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार एक पेड़ लगाकर हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे सकता है। यह जानकारी आई.टी सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी महामंत्री मनीष साहू ने दी।



