सतीश शर्मा
रायपुर, 04 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 जून को दोपहर 2:30 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
योजना के तहत मिलने वाले मुख्य लाभ
योजना के अंतर्गत चयनित प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उच्च शिक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए दोपहिया वाहन क्रय करने हेतु 1 लाख रुपये का विशेष अनुदान भी दिया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
पात्रता एवं नियम
- हितग्राही निर्माण श्रमिक का श्रम कल्याण मंडल में कम से कम 90 दिन पूर्व से पंजीकृत होना आवश्यक है।
- यह प्रोत्साहन राशि पंजीकृत निर्माण श्रमिक के केवल प्रथम दो बच्चों को ही देय होगी।
- योजना का लाभ एक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार लिया जा सकेगा।
छत्तीसगढ़ सरकार की यह कल्याणकारी योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा, प्रतिभा विकास और बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सहायता प्रदान कर रही है।



