सतीश शर्मा
रायपुर, 12 जून 2026

केंद्रीय कपड़ा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गिरिराज सिंह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान वे विभिन्न विकास कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और बैठकों में शामिल होंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
रायपुर पहुंचने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
दौरे के दौरान गिरिराज सिंह रायपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा वे हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर क्षेत्रों में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता रहेगी।
13 जून को केंद्रीय मंत्री सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही सदर बाजार और बुढ़ातालाब क्षेत्र में जनसंपर्क कर आम नागरिकों से संवाद करेंगे।
राजनीतिक मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब में गिरिराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी प्रकार का “ऑपरेशन” नहीं चलाती। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और जो जैसा कार्य करता है, उसे उसी के अनुसार परिणाम मिलते हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका को लेकर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहेंगे।



