सतीश शर्मा
रायपुर, 12 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने आगामी 16 जून से आयोजित होने वाले शाला प्रवेश उत्सव 2026 को गरिमामय और व्यापक रूप से मनाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह द्वारा जारी आदेश में सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, संयुक्त संचालकों और समग्र शिक्षा से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख निर्देश
- शाला प्रवेश उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
- गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी, रैली, बैनर और पोस्टर के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
- स्कूल भवनों, कक्षाओं और परिसरों की साफ-सफाई एवं मरम्मत 15 जून तक पूरी करने के निर्देश।
- स्कूलों में आकर्षक और प्रिंट-रिच वातावरण तैयार किया जाएगा।
- कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त की जाएगी।
- पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का छठवीं कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
- स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
- विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर।
- शिक्षकों को आगामी तीन माह का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने के निर्देश।
- जिला, ब्लॉक और संकुल स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
प्रवेश उत्सव के दौरान होंगे विशेष कार्यक्रम
- नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा।
- पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरित की जाएगी।
- बोर्ड और स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान होगा।
- उत्कृष्ट पालकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
- जनप्रतिनिधियों, पालकों, शाला विकास समितियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अलग से बजट नहीं
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शाला प्रवेश उत्सव के लिए अलग से कोई बजट उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जिला स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
विभाग ने उम्मीद जताई है कि शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में होगी और विद्यार्थियों के नामांकन तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।



