29 Jun 2026, Mon

कबीर जयंती पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान: बिजली बिल भुगतान योजना की अवधि 3 महीने बढ़ेगी, उपभोक्ताओं को राहत

सतीश शर्मा

रायपुर, 29 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लेकर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में थावरचंद गहलोत, विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

गुरु असंग देव ने कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इन्हीं कार्यों से सच्चा सुख और आत्मिक संतोष प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सलवाद के कारण जाना कठिन था, वहां अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है।

थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

 

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने छुआछूत, जाति-पांति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण किया और उनके विचार आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। साथ ही पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

पढ़ें   बीजापुर में नक्सलियों के हाईटेक ट्रेनिंग कैंप पर जवानों का कब्जा: स्मारक ध्वस्त, 14 नक्सली ढेर, शव रायपुर लाए गए, पोस्टमार्टम से पहले विस्फोटक की होगी जांच

मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ाई जाएगी। इससे अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संत कबीर की वाणी ने समाज को पाखंड, छुआछूत और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूक किया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, सेवा और सादगी का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *