2 Jul 2026, Thu

शाला प्रवेशोत्सव में विधायक पुरंदर मिश्रा का संदेश: ‘कलम की ताकत से बनेगा विकसित भारत’, मेरिट छात्रा को ₹11 हजार का पुरस्कार

 

सतीश शर्मा

रायपुर, 02 जुलाई 2026। रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने गुरुवार को फाफाडीह स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पुस्तकें भेंट कर विद्यालय परिवार में उनका आत्मीय स्वागत किया।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि “बच्चों के हाथों में किताब होगी तो भविष्य सुरक्षित होगा और अच्छे संस्कार होंगे तो राष्ट्र समृद्ध होगा। शिक्षा ही सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे कोई छीन नहीं सकता।” उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के साथ अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा सिफ़त परवीन को ₹11 हजार नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सिफ़त परवीन ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है और वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करने से समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनता है और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव है।

पढ़ें   चेकिंग में पकड़ी गई डस्टर कार : 27.5 लाख का गांजा बरामद, ओडिशा-नासिक सप्लाई कर रहे 3 आरोपी गिरफ्तार

कार्यक्रम में रायपुर शहर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, अकबर अली, संदीप जंघेल, संजय जोशी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *