4 Jul 2026, Sat

खेत में बिछा था मौत का करंट: घेराबंदी करते वक्त मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

तखतपुर, बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत भाड़म में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में एक मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दसन बाई सिंगरौल अपने खेत की घेराबंदी के लिए जीआई (GI) तार और नायलॉन रस्सी लगा रही थीं, ताकि खेत में जानवरों का प्रवेश रोका जा सके। इस दौरान उनके साथ उनके पुत्र विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। काम के दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। तलाश करते हुए जब वे खेत पहुंचे तो तीनों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

 

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम अगले दिन कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए।

प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि खेत की घेराबंदी के दौरान करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share
पढ़ें   CM विष्णुदेव साय निषाद समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन व आदर्श विवाह कार्यक्रम में हुए शामिल, बोले - " संगठित समाज ही विकसित समाज की पहचान"

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *