5 Oct 2026, Mon

बारिश बनी आफत: रायपुर-दुर्ग सड़क संपर्क प्रभावित, कुम्हारी में भरा पानी, पुलिस ने बदला ट्रैफिक रूट

रायपुर/भिलाई, 6 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव होने से सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी और लंबा जाम झेलना पड़ रहा है।

निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग पहले से ही बंद है। ऐसे में इस रास्ते का उपयोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी नहीं किया जा सकता। स्थिति को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

  • राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले वाहन: अंजोरा बाईपास – पुलगांव चौक – अंडा – रिसामा – गाड़ाडीह – मर्रा – जामगांव (एम) – मोतीपुर – अमलेश्वर होते हुए रायपुर।
  • बालोद से रायपुर जाने वाले वाहन: अंडा – रिसामा – गाड़ाडीह – मर्रा – जामगांव (एम) – मोतीपुर – अमलेश्वर मार्ग।

अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट

ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहन अहिरवारा मोड़ – कुम्हारी – मुरमुंडा चौक – कोचेबंद – मलपुरी कला – भालेसर – कंडरका चौक – पथरीडी – उरला – बिरगांव होते हुए रायपुर पहुंच सकते हैं।

BSP कर्मचारियों के लिए सलाह

भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कर्मचारियों को उतई – सेलूद – फूंडा – मोतीपुर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

पढ़ें   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त का किया अंतरण : 69 लाख महिलाओं के खातों में 651 करोड़ रुपये की राशि दी, अब तक 5878 करोड़ रुपये का लाभ प्रदान

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और बारिश के दौरान सावधानी बरतें।

Share