21 Jul 2026, Tue

छत्तीसगढ़ में लॉन्च हुआ UNTO: यात्रियों को 75% तक किराये में बचत, ड्राइवर बोले—अब नहीं देना होगा कोई कमीशन

सतीश शर्मा

रायपुर, 20 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के परिवहन क्षेत्र में एक नई पहल के तहत रायपुर के होटल सयाजी में प्रदेश के पहले स्मार्ट राइड और कैब शेयरिंग प्लेटफॉर्म UNTO – Share Your Journey का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस स्टार्टअप की शुरुआत युवा उद्यमी रश्मि रंजन चालान, जगन्नाथ कुम्हार और राधाकांत दर्जी ने की है। कंपनी का दावा है कि यह प्लेटफॉर्म यात्रियों को कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ ड्राइवरों की आय बढ़ाने में भी मदद करेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि रहे। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा और ओडिशा के नुआपाड़ा विधायक जय ढोलकिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने UNTO ऐप को प्रदेश के लिए एक नवाचार बताते हुए इसकी सराहना की और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

 

 

लॉन्चिंग के दौरान फाउंडर्स ने बताया कि UNTO पारंपरिक कैब सेवाओं से अलग मॉडल पर काम करेगा। ऐप में राइड स्प्लिट फीचर के जरिए एक ही रूट पर यात्रा करने वाले लोग किराया साझा कर सकेंगे, जिससे यात्रियों को 75 प्रतिशत तक बचत होने का दावा किया गया है। प्लेटफॉर्म पर बाइक, ऑटो, कैब, प्रीमियम और लग्जरी कार जैसी कई श्रेणियों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। यात्री अपनी पसंद का वाहन और ड्राइवर चुन सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, UNTO का सबसे बड़ा आकर्षण ड्राइवरों के लिए नो-कमिशन सब्सक्रिप्शन मॉडल है। इसमें अन्य कैब कंपनियों की तरह हर राइड पर कमीशन नहीं लिया जाएगा। ड्राइवर स्वयं किराया तय कर सकेंगे, अपनी राइड पहले से शेड्यूल कर सकेंगे और वापसी के सफर के लिए भी एडवांस बुकिंग प्राप्त कर सकेंगे।

पढ़ें   बांग्लादेश कनेक्शन का भंडाफोड़ : IMO-WhatsApp चैट से खुली घुसपैठ की पोल, रायपुर के 150 लोग पुलिस के रडार पर

फाउंडर्स का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म बिलासपुर, रायगढ़ और अन्य शहरों से रायपुर आने के बाद खाली लौटने वाली गाड़ियों की समस्या को भी कम करेगा। ड्राइवर पहले से अपनी वापसी की यात्रा ऐप पर डाल सकेंगे, जिससे उसी रूट के यात्री पहले ही बुकिंग कर पाएंगे। इससे ड्राइवरों की अतिरिक्त आय होगी और यात्रियों का यात्रा खर्च भी कम होगा।

UNTO में सुरक्षित चैट, शेड्यूलिंग और ऑनलाइन बुकिंग जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। कंपनी का दावा है कि कारपूलिंग और राइड शेयरिंग को बढ़ावा मिलने से ट्रैफिक, प्रदूषण और ईंधन की खपत में कमी आएगी तथा सुरक्षित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

लॉन्चिंग समारोह में शहर के कई उद्योगपति, टेक एक्सपर्ट, सामाजिक प्रतिनिधि और मीडिया से जुड़े लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में इस स्वदेशी स्टार्टअप को छत्तीसगढ़ के स्मार्ट मोबिलिटी सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *