24 Jul 2026, Fri
Breaking

महानदी विवाद सुलझाने की पहल: तोखन साहू ने दिल्ली में बढ़ाया कदम, अब दोनों राज्यों के CM की होगी अहम बैठक

सतीश शर्मा 

रायपुर, 23 जुलाई 2026

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से सौहार्दपूर्ण भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के बीच लंबे समय से लंबित महानदी जल विवाद को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी भी उपस्थित रहे।

 

 

बैठक के दौरान तोखन साहू ने कहा कि महानदी जल विवाद का संतुलित, न्यायसंगत एवं समयबद्ध समाधान दोनों राज्यों के लाखों नागरिकों की जल सुरक्षा, किसानों की आजीविका तथा क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जल शक्ति मंत्री से अनुरोध किया कि केंद्रीय जल आयोग (CWC) को दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की प्रस्तावित संयुक्त तकनीकी समिति का शीघ्र गठन करने के निर्देश दिए जाएँ, ताकि तकनीकी स्तर पर सार्थक संवाद प्रारंभ हो सके।

तोखन साहू ने यह भी आग्रह किया कि जल शक्ति मंत्रालय सभी संबंधित पक्षों के बीच समयबद्ध विचार-विमर्श सुनिश्चित करे, जिससे जल बंटवारे एवं अन्य संबंधित विषयों पर आपसी सहमति से एक व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार कर उसे शीघ्र न्यायाधिकरण के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों एवं दोनों राज्यों के सहयोग से इस विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव होगा, जिससे दोनों राज्यों के हित सुरक्षित रहेंगे और महानदी बेसिन के जल संसाधनों का टिकाऊ प्रबंधन सुनिश्चित हो सकेगा।

मुख्यमंत्रियों की शीघ्र होगी बैठक

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने इस विषय पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से दूरभाष पर चर्चा की। इस सकारात्मक पहल के बाद अब शीघ्र ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बीच इस विषय पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे विवाद के शीघ्र और संतोषजनक समाधान की उम्मीद जगी है।

Share
पढ़ें   रायपुर में ‘लखपति दीदी संवाद’ आज: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे हजारों महिलाओं से संवाद, कॉफी टेबल बुक और ग्राम पोर्टल का करेंगे शुभारंभ

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed