25 Jul 2026, Sat

सरगुजा में फिर सुरक्षा में सेंध: बाथरूम की ग्रिल तोड़कर भागे 3 नाबालिग, एक महीने में 27 बाल अपचारी हो चुके फरार

अंबिकापुर, 24 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्लेस ऑफ सेफ्टी (बाल संरक्षण गृह) से शुक्रवार सुबह एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। चोरी के मामलों में बंद तीन नाबालिग बाथरूम के वेंटिलेटर की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। घटना सुबह करीब 5:45 बजे गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, प्लेस ऑफ सेफ्टी में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के अपचारी बालकों को रखा जाता है। शुक्रवार सुबह सभी बच्चों को योग के लिए जगाया गया था। इसी दौरान तीनों नाबालिग तैयार होने के बहाने बाथरूम गए और वहां लगे रोशनदान की पुरानी ग्रिल तोड़कर परिसर से बाहर निकल गए। जब योग के समय उनकी गिनती की गई तो वे गायब मिले। कर्मचारियों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

 

 

सीसीटीवी फुटेज की जांच में तीनों नाबालिग एक साथ परिसर से बाहर जाते हुए दिखाई दिए। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि फरार हुए तीनों नाबालिग चोरी के आरोप में यहां रखे गए थे और पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें दो कोरिया जिले और एक बलरामपुर जिले का रहने वाला है। प्लेस ऑफ सेफ्टी के प्रभारी अधीक्षक नीपू राम कुशवाहा ने बताया कि ग्रिल काफी पुरानी और जर्जर थी, जिसे तीनों ने हाथों से ही तोड़ दिया।

पढ़ें   कार्यशाला : जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर कल आयोजित होगी कार्यशाला, मंत्री ओ पी चौधरी रहेंगे मुख्य अतिथि

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी प्लेस ऑफ सेफ्टी पहुंचे। कलेक्टर ने पूरे मामले की समीक्षा करते हुए भवन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने, बार-बार फरार होने वाले बालकों की मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उनका अन्य संस्थानों में स्थानांतरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर संस्था के अधीक्षक के निलंबन के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह पिछले एक महीने में तीसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 24 जून को 11 नाबालिग खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में पकड़ लिया गया। वहीं 14 जुलाई की रात 13 बालक पुराने दरवाजे को तोड़कर भाग निकले थे। इनमें से 9 को पकड़ लिया गया, जबकि 4 अब भी फरार हैं। ताजा घटना के बाद एक महीने में प्लेस ऑफ सेफ्टी से फरार होने वाले नाबालिगों की संख्या 27 पहुंच गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *