9 Sep 2026, Wed
Breaking

DURG में लोकल छोड़ सुपरफास्ट पकड़ने दौड़े एरिया मैनेजर: चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, दर्दनाक मौत

 

दुर्ग, 25 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक एरिया मैनेजर के लिए जानलेवा साबित हुई। ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया है।

 

 

जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे संदीप कुमार सिन्हा रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास मासिक रेलवे पास था और वे नियमित रूप से ट्रेन से ही रायपुर आना-जाना करते थे। प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन खड़ी थी, लेकिन इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस पहुंची। एक्सप्रेस के रवाना होते ही उन्होंने लोकल छोड़कर सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने का फैसला किया।

वे तेजी से दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगे, लेकिन हाथ में मौजूद लैपटॉप बैग फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से पकड़ कमजोर पड़ते ही उनका पैर फिसल गया और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच ट्रैक पर जा गिरे। ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें तत्काल ट्रैक से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पढ़ें   छत्तीसगढ़ बनेगा देश का स्टील हब: मुंबई में 'इंडिया स्टील 2025' सम्मेलन से लखन लाल देवांगन का बड़ा ऐलान – कहा, 300 मिलियन टन उत्पादन लक्ष्य में निभाएंगे अग्रणी भूमिका

हादसे के दो दिन बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद है। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कभी न करें, क्योंकि कुछ सेकंड बचाने की जल्दबाजी पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। शुरुआती जांच में भी चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ना ही हादसे की मुख्य वजह माना गया है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed