रायपुर, 25 जुलाई 2026
दुर्ग पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से फ्लू डस्ट की आड़ में लोहा स्क्रैप और कोक की चोरी करने वाले संगठित गिरोह के मामले में एक लोडर ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ₹3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त की है, जिसमें ₹90 लाख का लोहा स्क्रैप, वाहन और चोरी में इस्तेमाल की गई भारी मशीनें शामिल हैं।
पुलिस टीम ने 26 मई 2026 को मिली सूचना के आधार पर अकलोरडीह गांव स्थित AK Traders और हथखोज, भिलाई के हेवी इंडस्ट्रियल एरिया (HIA) स्थित प्लॉट नंबर-18 में छापेमारी की। यहां हाइवा ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेटें, बीम और कटिंग मटेरियल मिला। इसके अलावा कई स्थानों पर बड़ी मात्रा में लोहा स्क्रैप भी अवैध रूप से रखा मिला।
जांच में खुलासा हुआ कि एक संगठित गिरोह भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लोहा स्क्रैप की चोरी कर उसे इन स्थानों पर जमा करता था। पुलिस ने करीब 250 टन लोहा स्क्रैप, लोहे की प्लेटें, बीम कटिंग, हाइड्रा क्रेन, JCB और अन्य लोडिंग मशीनें जब्त कीं।
पुलिस ने धमतरी जिले के मोखा गांव निवासी 22 वर्षीय हेमंत देवांगन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह हिमांशु ब्रदर्स में लोडर ऑपरेटर के रूप में काम करता था। गिरोह के सदस्य उसे रात की शिफ्ट में लोहा स्क्रैप और कोक को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाइवा ट्रकों के जरिए स्टील प्लांट से बाहर निकालने का काम सौंपते थे।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोडर (CG 07 CE 0249) भी जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फरार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अवैध कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील करते हुए कहा है कि संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





