रायपुर, 12 अगस्त 2026। रायपुर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम शहीद स्मारक स्कूल में शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन किया गया। समिति के पुनर्गठन के बाद श्रवण यदु को शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं समिति में उपाध्यक्ष, सचिव और अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई।
शाला प्रबंधन समिति का गठन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना और प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। समिति स्कूल के नियमित कामकाज की निगरानी करने के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और स्कूल विकास से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान देगी।

समिति की प्रमुख जिम्मेदारियों में स्कूल की नियमित व्यवस्था की निगरानी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना, स्कूल विकास योजना तैयार करना, उपलब्ध संसाधनों एवं सरकारी अनुदान का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना शामिल है। इसके साथ ही विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट रोकने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी समिति आवश्यक पहल करेगी।
शाला प्रबंधन समिति अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। स्कूल की आवश्यकताओं के अनुसार भवन मरम्मत, शिक्षण सामग्री और अन्य सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए स्कूल विकास योजना तैयार की जाएगी।
अध्यक्ष बनाए जाने के बाद श्रवण यदु ने कहा कि वे समाज सेवा से जुड़े रहे हैं और उन्हें शाला प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल के विकास कार्यों के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उनका प्रयास रहेगा कि विद्यालय शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में बेहतर पहचान बनाए और स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम शहीद स्मारक स्कूल का नाम रोशन हो।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति की बैठक भी आयोजित की गई। समिति में वरिष्ठ शिक्षाविद संजय जोशी, उपाध्यक्ष नेहा राठौर, सचिव एवं प्राचार्य रमाकांत झा, सदस्य राजेश पांडे, रजनीश पात्रा, संतोष अग्रवाल और सोनू कुर्रेशी को शामिल किया गया। समिति के सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष श्रवण यदु को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





