3 Oct 2026, Sat

उज्जैन में नागचंद्रेश्वर मंदिर की कतार में भगदड़ जैसा माहौल: करंट की अफवाह ने बढ़ाई दहशत, चरक अस्पताल पहुंचे घायल

उज्जैन, 17 अगस्त 2026। महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लगी कतार में सोमवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के समीप करंट फैलने की अफवाह के बाद कतार में खड़े श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस दौरान कई श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में उज्जैन, ग्वालियर, बिहार, गुजरात और अन्य स्थानों से आए श्रद्धालु शामिल हैं।

भगदड़ के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र नामक श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मंदिर में दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई।

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने स्थिति को संभाला। फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से मंदिर की ओर भेजा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि नागचंद्रेश्वर मंदिर में नाग पंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के बीच करंट की अफवाह फैलने से अचानक लोगों में घबराहट पैदा हुई और कतार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

Share
पढ़ें   बलरामपुर में AI की नई शुरुआत: प्रदेश का पहला डेटा एनोटेशन सेंटर खुलेगा, युवाओं और लखपति दीदियों को मिलेगा डिजिटल रोजगार