17 Aug 2026, Mon
Breaking

डिप्टी CM अरुण साव के अनुमोदन से कांकेर में बनेगा आधुनिक स्टेडियम, 7.60 करोड़ मंजूर; सिंथेटिक ट्रैक समेत मिलेंगी सुविधाएं

रायपुर, 17 अगस्त 2026। कांकेर जिला मुख्यालय में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत मंजूर की गई है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी किया है। प्रस्तावित स्टेडियम में करीब 4 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।

स्टेडियम परिसर में 400 मीटर 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज सहित विभिन्न सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पूरे प्रोजेक्ट की गुणवत्ता को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने निर्माण एजेंसी को निविदा प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने और प्राक्कलन के अनुरूप मितव्ययिता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्धारित अनुबंधित अवधि में निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा गया है।

विभाग ने अनावश्यक रूप से समय-सीमा बढ़ाने पर भी रोक लगाई है। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर माने जाने वाले कारणों की स्थिति में सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी। समय-वृद्धि की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share
पढ़ें   Khairagarh Head Constable Suicide: घर में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed