जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त 2026: शादी का रिश्ता कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो हेडफोन और ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से लड़की की आवाज निकालकर लोगों से शादी की बातचीत करते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले लोगों को शादी का रिश्ता तय कराने का भरोसा दिलाते थे। इसके बाद अस्पताल में भर्ती होने या किसी अन्य जरूरत का बहाना बनाकर ऑनलाइन भुगतान के बदले नकद रकम मांगते थे। रकम मिलने के बाद आरोपित संपर्क तोड़ देते थे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 15 अगस्त को अजय राठौर ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच में सामने आया कि उसके बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम आई थी, जिसके बाद खाते पर होल्ड लगा दिया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेन-देन की जांच शुरू की।
जांच के दौरान ग्राम अमोदा, थाना नवागढ़ निवासी लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू (26) और बेलदारपारा चांपा निवासी सोनू साहू (20) की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में दोनों ने ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
2025 से चला रहे थे ठगी का खेल
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे वर्ष 2025 से ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन के जरिए लड़की की आवाज निकालकर लोगों को शादी के नाम पर विश्वास में लेते थे। पुलिस को उनके बैंक खातों में शादी के नाम पर ठगी की रकम आने के साक्ष्य मिले हैं।
मोबाइल चैटिंग और साइबर क्राइम पोर्टल की जांच में कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद समेत कई जिलों से जुड़े मामलों की जानकारी सामने आई है।
मोबाइल, हेडफोन और पंपलेट जब्त
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, ब्लूटूथ डिवाइस, व्हाट्सऐप चैटिंग से जुड़े साक्ष्य और ‘पवित्र रिश्ता डाट काम’ के पंपलेट जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि कई पीड़ितों ने अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में जांच आगे बढ़ने पर ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह सहित आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, माखन साहू और शाहबाज खान शामिल रहे।





