18 Aug 2026, Tue

मुंगेली में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर हत्या: दूध में नींद की गोलियां मिलाकर युवक को किया बेहोश, फिर पति-पत्नी ने दबाया गला

मुंगेली, 18 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने मिलकर हत्या की साजिश रची और युवक को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। उसके बेहोश होने के बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

मामला चिल्फी थाना क्षेत्र की डिंडौरी चौकी के ग्राम घानाघाट का है। 30 जुलाई की रात 24 वर्षीय अरुण पटेल का शव रामचंद्र पटेल के घर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

 

 

जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले अरुण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल महाराष्ट्र में मजदूरी करने गए थे और एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच संबंध बने। पुलिस के अनुसार, अरुण ने मनीषा का वीडियो बना लिया था और गांव लौटने के बाद उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था।

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान मनीषा ने पूरी बात अपने पति मुकेश को बताई। दोनों ने अरुण को समझाने की कोशिश की, लेकिन ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई। इसके बाद पति-पत्नी ने उसकी हत्या की योजना बनाई।

योजना के तहत अरुण को घर बुलाया गया और दूध में नींद की दवा मिलाकर पिला दी गई। दूध पीने के बाद जब वह बेहोश हो गया तो आरोपियों ने गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर से दूर रामचंद्र पटेल के घर के पास फेंक दिया गया।

पढ़ें   सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट 2026 लागू: बड़ी कॉलोनियों, मॉल और संस्थानों को खुद करना होगा कचरे का निपटान, नहीं तो देना होगा चार्ज

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद चिल्फी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने पूछताछ के दौरान 34 वर्षीय मुकेश पटेल और 27 वर्षीय मनीषा बाई पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *