22 Aug 2026, Sat

रायपुर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ड्रंक एंड ड्राइव अभियान में 62 चालक पकड़े गए, 9 प्रमुख स्थानों पर हुई सघन जांच

रायपुर, 22 अगस्त 2026

रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। शुक्रवार रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन के नेतृत्व में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों और यातायात जवानों की टीमों ने आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान 62 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए।

 

 

पकड़े गए वाहनों में 47 कार, 5 टाटा एस पिकअप, 8 ट्रक/टैंकर, 1 बस और 1 दोपहिया वाहन शामिल हैं। सभी वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 3,906 ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। जरूरत पड़ने पर टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। उन्होंने कहा कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share
पढ़ें   रायपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिव महापुराण कथा में विवादित बयान देते हुए बच्चों को सांता क्लॉज की टोपी और लाल कपड़े पहनाने पर जताई आपत्ति, सनातन धर्म की मजबूती पर दिया जोर

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *