10 Oct 2026, Sat
Breaking

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तेज बारिश का अलर्ट: झारखंड के लो-प्रेशर से बढ़ी सक्रियता, कई इलाकों में बिजली गिरने की आशंका

रायपुर, 26 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश में अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे में बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 170 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना लो-प्रेशर एरिया अभी सक्रिय है। इससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। यह मौसम सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में आज, 26 अगस्त को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण रायपुर के माना समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी थी।

कई इलाकों में भारी बारिश और बिजली का खतरा

अगले 24 घंटे प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

सामान्य से सिर्फ 2% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक कुल बारिश सामान्य के करीब है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में सामान्य से 2% कम बारिश दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।

पढ़ें   PM मोदी से मिले CM विष्णु देव साय: बस्तर विजन का पूरा रोडमैप सौंपा, ₹10,500 करोड़ की यूरिया परियोजना, 461 गांवों में ग्रिड बिजली और AIIA के लिए मांगा केंद्र का सहयोग

मौसम विभाग के अनुसार लो-प्रेशर सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed