28 Aug 2026, Fri
Breaking

रक्षाबंधन स्पेशल STORY : मरीजों की कलाई पर राखी बांधकर नम्रता सिंह ने दिया अपनापन, बोलीं – “अस्पताल में हैं तो हम ही आपका परिवार”

रायपुर/भाठागांव, 28 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के पर्व पर भाठागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल मॉडल हॉस्पिटल में इस बार कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए यह त्योहार महज कैलेंडर की तारीख नहीं रहा, बल्कि उन्हें घर-परिवार जैसा अपनापन मिला। उर्मिला फाउंडेशन की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की कलाई पर राखी बांधी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

नम्रता सिंह ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में जाकर मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने हर मरीज को रक्षा सूत्र बांधा और त्योहार की शुभकामनाएं दीं। घर से दूर रहकर इलाज करा रहे मरीजों के लिए यह पहल भावुक कर देने वाली रही। कई मरीजों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई तो कुछ मरीज इस आत्मीयता से भावुक भी हो गए।

 

 

त्योहार के दिन मरीजों को अकेलापन महसूस न हो, यही मकसद

नम्रता सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन परिवार और रिश्तों का त्योहार है। अस्पताल में भर्ती कई मरीज ऐसे होते हैं, जो बीमारी के कारण अपने परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में त्योहार के दिन उनका अकेलापन और बढ़ जाता है। हमारा प्रयास है कि उन्हें यह महसूस न हो कि वे अपने परिवार से दूर हैं।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी खुशियां मरीजों का मनोबल बढ़ाती हैं और इलाज के दौरान उन्हें सकारात्मक ऊर्जा देती हैं।

पैरामेडिकल टीम ने भी बांधी राखी, कहा – अस्पताल में हैं तो हम परिवार हैं

कार्यक्रम में अस्पताल की पैरामेडिकल टीम भी शामिल रही। टीम ने मरीजों की कलाई पर राखी बांधते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि अस्पताल में रहने के दौरान वे अकेले नहीं हैं। टीम ने कहा कि जब तक मरीज अस्पताल में हैं, तब तक अस्पताल का पूरा स्टाफ ही उनका परिवार है। उनकी सेवा और सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।

पढ़ें   CM विष्णुदेव साय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की सौजन्य मुलाकात : CG में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए प्रोजेक्ट्स की प्रगति और प्रगतिरत परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

अस्पताल परिसर को फूलों और राखियों से सजाया गया था। पैरामेडिकल टीम के सदस्यों ने एक-दूसरे को भी राखी बांधी और भाईचारे का संदेश दिया। मरीजों ने भी अस्पताल की टीम को राखी बांधकर उनके प्रति आभार जताया।

मिठाई और फल बांटकर हुआ कार्यक्रम का समापन

रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन के अंत में अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को मिठाई और फल वितरित किए गए। पूरे अस्पताल परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

उर्मिला मेमोरियल मॉडल हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल मरीजों का इलाज करना नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक और भावनात्मक सहारा देना भी है। मरीज को बीमारी से लड़ने के लिए दवा के साथ अपनापन और सकारात्मक माहौल भी जरूरी है।

उर्मिला फाउंडेशन और उर्मिला मेमोरियल मॉडल हॉस्पिटल की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। रक्षाबंधन पर मरीजों की कलाई पर बंधी ये राखियां इलाज के बीच रिश्तों, भरोसे और इंसानियत का संदेश देती नजर आईं।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed