14 Oct 2026, Wed

कोरबा में तेज बारिश से नाले उफने, स्कॉर्पियो पानी में डूबी; घरों में घुसा पानी, मलबे में फंसी कार-बस, अगले दो दिन अलर्ट

रायपुर/कोरबा, 29 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। शहर का दादर नाला शनिवार सुबह तेज बहाव के कारण उफान पर आ गया। इस दौरान नाला पार करने की कोशिश कर रही एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में डूब गई। गाड़ी में सवार तीन दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो को भी बाहर निकाल लिया गया।

बताया जा रहा है कि नाला पार करने से मना किए जाने के बावजूद स्कॉर्पियो सवार लोग आगे बढ़ गए थे। तेज बहाव में वाहन के डूबने के बाद दोनों तरफ से आवाजाही रोक दी गई।

कई इलाकों में घरों में घुसा नाले का पानी

लगातार बारिश के चलते कोरबा शहर के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई। आरपी नगर, चिमनी भट्टा, शारदा विहार, अमरैया पारा, मोती सागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

चिमनी भट्टा में करीब 40 घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया। वहीं, शारदा विहार अटल आवास में 12 से ज्यादा घरों में पानी भरने की जानकारी सामने आई है। अमरैया पारा में भी लोगों के घरों और किचन तक गंदा पानी पहुंच गया।

डंपिंग का मलबा सड़क पर बहा, कार और बस फंसी

बारिश के कारण कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया। देखते ही देखते सड़क मिट्टी और कीचड़ से पट गई।

इसी दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार काफी हद तक मिट्टी में धंस गई, जबकि बस के पहिए भी मलबे में फंस गए। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

पढ़ें   CG में भीषण सड़क हादसे में 6 की मौत: कांकेर के NH-30 पर आमने-सामने भिड़ीं कारें, कई घायल, मौके पर मचा हड़कंप

अगले दो दिन बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम है।

रायपुर में भी बारिश का अलर्ट

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और उफनते नालों, नदी-नालों तथा जलभराव वाले रास्तों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है।

Share