16 Oct 2026, Fri
Breaking

जशपुर के दनगरी वाटरफॉल में तेज बहाव के बीच फंसे 7 पर्यटक, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन; सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया

जशपुर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच दनगरी वाटरफॉल घूमने पहुंचे 7 पर्यटक तेज बहाव के बीच फंस गए। नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने से पर्यटकों की जान पर बन आई। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद सभी 7 पर्यटकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज बहाव के बीच पर्यटकों के फंसे होने का दृश्य काफी भयावह नजर आ रहा है।

बारिश के बीच जान जोखिम में डालकर पहुंच रहे पर्यटक

जशपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं और जलप्रपातों में पानी का बहाव काफी बढ़ गया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक दनगरी वाटरफॉल पहुंच रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कई पर्यटक नदी और पहाड़ी नालों को पार कर वाटरफॉल तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। बारिश के मौसम में ऐसा करना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। अचानक जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव आने से पर्यटकों के फंसने और बहने का खतरा बना रहता है।

करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरता है झरना

दनगरी जलप्रपात बगीचा विकासखंड में सुलेसा और पंडरापाठ के बीच स्थित है। यह जशपुर जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां करीब 100 फीट ऊंची पहाड़ी से झरने की तीन धाराएं एक साथ नीचे गिरती हैं, जो बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक दिखाई देती हैं।

पढ़ें   स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड का बड़ा निर्देश: 15 अगस्त को राज्य की सभी मस्जिद, मदरसा और दरगाहों में फहराएं तिरंगा, देशभक्ति और भाईचारे का संदेश देंगे धार्मिक स्थल

हालांकि, बरसात के दौरान यहां पानी का प्रवाह काफी तेज हो जाता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी के अभाव में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल

7 पर्यटकों के तेज बहाव में फंसने की घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पर्यटकों को खतरनाक स्थानों और तेज बहाव वाले नदी-नालों के पास जाने से रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Share

 

 

 

 

 

You Missed