16 Oct 2026, Fri
Breaking

कोरबा में सास ने फांसी लगाकर दी जान, मौत से पहले बहनों को भेजा VIDEO: रोते हुए बोली- बेइज्जत होकर नहीं जी सकती; बहू को ठहराया जिम्मेदार

कोरबा, 01 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा। वीडियो में वह रोते हुए कह रही है कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती। महिला ने अपनी मौत के लिए बहू और उसके मायके वालों को जिम्मेदार बताया है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दीवार पर लिखा सुसाइड नोट

घटना के बाद पुलिस ने जब कमरे की जांच की तो दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश मिला। इसमें लक्ष्मी ने अपनी बहू पूर्णिमा महंत और उसके मायके वालों को अपनी मौत का कारण बताया है। साथ ही उसने लिखा कि उसके पति का इस मामले में कोई हाथ नहीं है और वह अपने बच्चों को पति के हाथों सौंपकर जा रही है।

पुलिस सुसाइड नोट की लिखावट की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद लेने की तैयारी कर रही है।

दूसरी शादी के बाद परिवार में विवाद

परिजनों के मुताबिक, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद 13 जून 2025 को लक्ष्मी ने कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं और उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं।

बताया गया है कि लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत के साथ अक्सर विवाद होता था। पूर्णिमा का पति संजय दास एक निजी कंपनी में काम करता है। उसका करीब तीन साल का बेटा भी है।

पढ़ें   पचराही गांव में जल जीवन मिशन ने बदली तस्वीर : विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा आदिवासियों के घरों तक पहुंचा नल से स्वच्छ पेयजल, महिलाओं के जीवन में आई खुशहाली

विवाद का वीडियो भी सामने आया

घटना से पहले घर में पति, बहू और बेटे के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कहासुनी काफी बढ़ गई। विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में लक्ष्मी अपने सौतेले बेटे और बहू पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाती नजर आ रही है। वह विवाद के दौरान आत्महत्या करने की बात भी कहती है और वहां मौजूद बच्चों को कमरे से चले जाने के लिए कहती है।

इस पर बड़ा बेटा उसे समझाते हुए कहता है कि “हम लोग हैं न मम्मी, ऐसा क्यों कर रही हो, ठंडे दिमाग से काम लो।” वहीं छोटा बेटा रोते हुए अपनी मां को मनाने की कोशिश करता दिखाई देता है।

27 अगस्त को उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों का कहना है कि पारिवारिक विवाद के कारण लक्ष्मी काफी परेशान थी। इसके बाद 27 अगस्त को उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले उसने वीडियो बनाया और अपनी बहनों को भेज दिया था।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। अब पुलिस वीडियो, सुसाइड नोट और पारिवारिक विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Share