3 Sep 2026, Thu
Breaking

किरण सिंह देव से मिले BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली में जाना हाल; डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली

रायपुर, 03 सितम्बर 2026। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज जारी है। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनसे मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य व इलाज की जानकारी ली।

मुलाकात के बाद किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया के जरिए नितिन नबीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिल्ली में आत्मीय मुलाकात कर उनका हाल जाना और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नितिन नबीन के स्नेह और शुभेक्षाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा

किरण सिंह देव 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हुए थे। वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई।

 

 

हादसे के समय उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से किरण सिंह देव को झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

इसके बाद 30 जुलाई को उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चाओं से भी जोड़ी जा रही मुलाकात

नितिन नबीन और किरण सिंह देव की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे कुछ लोग छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की संभावनाओं से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, मुलाकात के दौरान इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share
पढ़ें   10 रुपये की टिकट कटाकर मयाली नेचर कैंप पहुंचे CM विष्णुदेव साय : ATV बाइक से लेकर आर्चरी-वॉल क्लाइंबिंग तक आजमाए एडवेंचर स्पोर्ट्स, बोले– पर्यटन से युवाओं को मिल रहा रोजगार

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed