कवर्धा, 05 सितंबर 2026। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर युवा मित्र मंडल कबीरधाम छत्तीसगढ़ ने अपना 14वां स्थापना दिवस सामाजिक सरोकार के साथ मनाया। संगठन के युवा साथी कवर्धा स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनका सुख-दुख साझा किया। इस दौरान फल वितरण कर वृद्धजनों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया।
युवा मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि संगठन की शुरुआत 14 वर्ष पहले कवर्धा विकासखंड के ग्राम कुआं छारिया में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं को पानी पिलाने से हुई थी। छोटे स्तर से शुरू हुआ यह सेवा कार्य आज छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों तक पहुंच चुका है।

संगठन पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज को अपना आदर्श मानते हुए हिंदुत्व की शक्ति, संवैधानिक हिंदू राष्ट्र, गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान, ग्रामों को हिंदू ग्राम बनाने और सनातन संस्कृति के संरक्षण जैसे उद्देश्यों को लेकर कार्य करने का दावा करता है। संगठन के सदस्यों ने कहा कि सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से वे अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
इसी कड़ी में इस वर्ष स्थापना दिवस को वृद्धजनों के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। युवाओं ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से बातचीत की और उनके अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उन्हें फल भी वितरित किए गए।
आयोजन में प्रांत उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल चौरसिया, हनुमंत दल प्रांत अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहू, जिला उपाध्यक्ष रोहन चंद्रवंशी, मंत्री अंकुश विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष पुरन पाली, हनुमंत दल सह-संयोजक दीपक ठाकुर, पुष्कर शुक्ला, शीतल सोनी और जय श्री सोनी सहित ओंकार पटेल, चंद्रू चेलक, शुभम तिवारी, तरु शर्मा, अमन, देवेंद्र डग्गर, सूरज सौरा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





