6 Sep 2026, Sun
Breaking

बलौदाबाजार में श्री महावीर देव मंदिर में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, रात 12 बजे कृष्ण जन्म पर गूंजे जयकारे, भक्ति संगीत में झूमे श्रद्धालु

बलौदाबाजार, 06 सितम्बर 2026। जिला मुख्यालय के बजरंग चौक स्थित श्री महावीर देव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं भक्ति संगीत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत रात करीब 8 बजे हुई, जो अर्द्धरात्रि 1 बजे तक जारी रहा। ग्राम जुड़ा की संगीत टोली के द्वारिका वर्मा एवं साथियों तथा बलौदाबाजार की भजन मंडली के लक्खू जायसवाल एवं साथी कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में डुबोए रखा। मंदिर परिसर में लगातार श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।

रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। जैसे ही जन्म का समय हुआ, मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति और जयघोष कर जन्मोत्सव की खुशी मनाई।

 

 

मंदिर के सर्वराकार पं. अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से मंदिर में परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इन आयोजनों में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं और अपनी इच्छा के अनुसार तन, मन और धन से सहयोग करते हैं।

उन्होंने बताया कि बुधवार शाम 4 बजे भगवान श्रीकृष्ण की छठ्ठी का कार्यक्रम भी महिलाओं द्वारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Share
पढ़ें   'विकसित भारत के निर्माण में किसानों का महत्वपूर्ण योगदान': CM विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय किसान मेला एवं एग्री कार्नीवाल-2024 का किया भव्य शुभारंभ, कृषि निर्यात और आधुनिक तकनीकों पर कार्यशालाओं का आयोजन

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed