रायपुर 7 सितंबर 2026
रायपुर में NSUI छत्तीसगढ़ अध्यक्ष नीरज पांडेय के खिलाफ 29 लाख रुपए से अधिक की कथित धोखाधड़ी की शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता राजू सोनकर ने पुरानी बस्ती थाने के अलावा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नीरज पांडेय ने अलग-अलग काम दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार रकम ली। आरोप के मुताबिक, उसकी पत्नी को मंत्रालय में नौकरी दिलाने, रेत खदान का काम दिलाने और सिप्ला कंपनी की एजेंसी या डीलरशिप दिलाने का आश्वासन दिया गया था।

राजू सोनकर ने अपनी शिकायत में नीरज पांडेय के भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय के नाम भी शामिल किए हैं। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग भुगतान और बैंक ट्रांजेक्शन का हवाला देते हुए दावा किया है कि रकम देने के बावजूद संबंधित काम पूरे नहीं हुए।
काम नहीं होने के बाद शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन पैसे वापस नहीं मिलने का आरोप लगाया है। इसी के बाद उसने पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की।
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
राजू सोनकर ने अपने आवेदन में अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उसने कहा है कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए उसने शिकायत में नामजद लोगों को जिम्मेदार बताया है।
वहीं, नीरज पांडेय ने शिकायतकर्ता के आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के दावों की पुष्टि के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





