12 Sep 2026, Sat
Breaking

जांजगीर में हसदेव नदी में 3 छात्र डूबे, एसडीआरएफ ने एक का शव निकाला; बारिश से बढ़े जलस्तर के कारण रेस्क्यू में दिक्कत

जांजगीर-चांपा, 12 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में तीन छात्र डूब गए। हादसा शुक्रवार को बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में हुआ। शनिवार को रेस्क्यू टीम ने एक छात्र का शव बरामद कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी.फार्मा प्रथम वर्ष के 4 छात्र और 4 छात्राएं पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े थे। अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए दोनों दोस्तों ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वे भी पानी के तेज बहाव में बह गए।

रात में रोकना पड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे बचाव अभियान में काफी परेशानी हुई। रात होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा।

शनिवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। इस दौरान पवन लाल, निवासी चिरमिरी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। वहीं, सचिन सिंह और मुरारी साहू की तलाश जारी है।

देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

देवरी क्षेत्र में हर साल बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। इससे पहले भी नदी में डूबने से लोगों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे हादसों को रोकने के लिए नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई है।

Share
पढ़ें   सुकमा में बड़ा सरेंडर! ₹64 लाख के इनामी 26 हार्डकोर माओवादी लौटे मुख्यधारा में, बोले मुख्यमंत्री — अब बस्तर में डर नहीं, भरोसा गूंज रहा है

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed