3 Nov 2026, Tue
Breaking

मां बम्लेश्वरी के दर्शन से 100 सीढ़ियां पहले 67 वर्षीय महिला की मौत, सीने में दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत, रोपवे से नीचे लाया गया

डोंगरगढ़, 17 सितम्बर 2026। महाराष्ट्र के भंडारा जिले से मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने डोंगरगढ़ पहुंची 67 वर्षीय महिला निर्मला बोरकर की मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला मंदिर से करीब 100 सीढ़ियां पहले दादी माता मंदिर के पास पहुंची थीं, जहां उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और अचानक बैठ गईं।

जानकारी के अनुसार, निर्मला अपनी छोटी बहन सुलोचना और भाभी के साथ गुरुवार सुबह पावर हाउस क्षेत्र से पैदल मां बम्लेश्वरी मंदिर के लिए निकली थीं। गर्मी अधिक होने के कारण उन्होंने रास्ते में नींबू पानी भी पिया था। धीरे-धीरे सीढ़ियां चढ़ते हुए तीनों दादी माता मंदिर के पास पहुंचीं, तभी निर्मला की तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों ने तत्काल मंदिर कार्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे लाने की व्यवस्था की। उस समय मेंटेनेंस के कारण रोपवे बंद था, लेकिन महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रस्ट ने तत्काल रोपवे शुरू कराया। निर्मला के साथ उनकी बहन और भाभी को भी रोपवे से नीचे लाया गया।

इसके बाद ट्रस्ट की एंबुलेंस से निर्मला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहली बार दर्शन करने आई थीं निर्मला

निर्मला की बहन सुलोचना ने बताया कि 15 सितंबर को पावर हाउस क्षेत्र स्थित उनके घर में गृह प्रवेश कार्यक्रम था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निर्मला एक दिन पहले डोंगरगढ़ आई थीं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने की इच्छा जताई थी।

पढ़ें   राज्यपाल रमेन डेका से मिले CM विष्णुदेव साय : नए साल की दी शुभकामनाएं, राज्यहित पर हुई अहम चर्चा

सुलोचना के मुताबिक, निर्मला इससे पहले कभी डोंगरगढ़ नहीं आई थीं। गुरुवार सुबह दोनों बहनें अपनी भाभी के साथ मंदिर के लिए निकली थीं। वे सीढ़ियां चढ़ते हुए दादी माता मंदिर तक पहुंच गई थीं, लेकिन मंदिर पहुंचने से करीब 100 सीढ़ियां पहले ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

निर्मला के पति रमेश बोरकर किसान हैं। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।

ट्रस्ट ने जताई संवेदना

मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट डोंगरगढ़ के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि महिला ने दादी माता मंदिर के पास सीने में दर्द की शिकायत की थी। परिजनों की सूचना के बाद ट्रस्ट की ओर से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई। मेंटेनेंस के लिए बंद रोपवे को तत्काल शुरू कर महिला को नीचे लाया गया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ट्रस्ट समिति ने घटना पर संवेदना व्यक्त की है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed