रायपुर, 23 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी रायपुर में बुधवार दोपहर अचानक बादल छाए और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं या आंधी चलने की संभावना है। वहीं कई अन्य जिलों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में बिजली गिरने का खतरा
राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।

बलरामपुर और कोरिया समेत करीब 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ अंधड़ चलने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ रही है, जिससे बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ी हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है।
24 सितंबर को ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।
इस सिस्टम का असर प्रदेश में 23 से 26 सितंबर तक रहने की संभावना है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ अंधड़ और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और तेज आंधी के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।




