23 Sep 2026, Wed
Breaking

सदर बाजार से नहीं जाएगी गणेश विसर्जन झांकी? व्यापारियों का विरोध तेज, बूढ़ा तालाब-मालवीय रोड से डायवर्ट करने का सुझाव

रायपुर, 23 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के मार्ग को लेकर विवाद सामने आया है। सदर रोड के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने इस बार सदर बाजार से गणेश विसर्जन झांकी नहीं निकालने की मांग की है। इसे लेकर सड़क किनारे तेज आवाज में डीजे और धुमाल बजाने पर प्रतिबंध के पोस्टर भी लगाए गए हैं।

सदर रोड सर्राफा व्यापारी संघ ने इस संबंध में पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक तेज आवाज वाले सभी ध्वनि यंत्रों पर रोक लगाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सदर बाजार का रास्ता बढ़ती आबादी के कारण काफी संकरा हो गया है। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान यहां भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनती है।

सराफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालू ने कहा कि इस बार झांकी को सदर रोड से नहीं ले जाकर बूढ़ा तालाब और मालवीय रोड की ओर डायवर्ट किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि सदर रोड पर मकान गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और स्थानीय लोगों को झांकी के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि झांकी के स्वागत के लिए पंडाल सदर रोड के बजाय वैकल्पिक मार्ग पर भी लगाए जा सकते हैं। व्यापारियों ने इस संबंध में कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही स्थानीय थाना प्रभारी से भी ऐसी व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया गया है, जिससे आम लोगों और व्यापारियों को परेशानी न हो।

व्यापारियों की प्रमुख मांगों में तेज आवाज वाले डीजे और धुमाल पर पूर्ण प्रतिबंध शामिल है। फिलहाल सदर रोड पर इस संबंध में पोस्टर लगाए गए हैं और झांकी के मार्ग को लेकर स्थानीय लोगों तथा व्यापारियों का विरोध सामने आया है।

पढ़ें   राजस्व बढ़ाने की तैयारी: मार्च में पंजीयन कार्यालय रहेंगे खुले, छुट्टियों में भी दस्तावेजी काम सुचारू

अब गणेश विसर्जन झांकी के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से क्या व्यवस्था तय की जाती है, इस पर सभी की नजर है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed