रायपुर, 25 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा।

जलभराव और बढ़ते जलस्तर के बीच लिया फैसला
प्रदेश के कई इलाकों में लगातार बारिश से जलभराव की स्थिति बन रही है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और कई जगह आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सरकार ने बच्चों को जोखिम से दूर रखने का निर्णय लिया है।

CM की अपील – बच्चों को घर पर रखें
मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से अपील की है कि छुट्टी के दौरान बच्चों को घर पर ही रखें। भारी बारिश और जलभराव के बीच अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें।
कलेक्टरों को आदेश, छुट्टी का हो प्रभावी पालन
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश के आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यानी बारिश के बीच कल स्कूल की घंटी नहीं बजेगी, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेशभर के स्कूल बंद रहेंगे।




