26 Sep 2026, Sat

8.23 लाख करोड़ के निवेश के बीच MSME को नई उड़ान, रायपुर में 28 सितंबर से CII का दो दिवसीय कॉन्क्लेव, AI पर होगा मंथन

रायपुर, 26 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों के बीच अब स्थानीय छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) को बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी उद्देश्य से भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की छत्तीसगढ़ इकाई की ओर से 28 और 29 सितंबर को रायपुर के होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में MSME कॉन्क्लेव 2.0 का आयोजन किया जाएगा।

दो दिवसीय कॉन्क्लेव में वित्तपोषण, कारोबार में सुगमता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीकी दक्षता और औद्योगिक विस्तार जैसे विषयों पर चर्चा होगी। उद्घाटन सत्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के शामिल होने की संभावना है।

बड़े निवेश से स्थानीय उद्योगों को जोड़ने पर जोर

प्रदेश में स्टील, पावर, सेमीकंडक्टर, AI डेटा सेंटर, टेक्सटाइल, फार्मा और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में स्थानीय MSME को बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की सप्लाई चेन से जोड़ना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष बजरंग गोयल के अनुसार, प्रदेश को 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय सप्लायर्स की जरूरत होगी। कॉन्क्लेव का उद्देश्य MSME को इन अवसरों के लिए तैयार करना है।

वित्त और AI समेत चार प्रमुख विषयों पर चर्चा

कॉन्क्लेव के पहले दिन चार प्रमुख सत्र होंगे। इनमें MSME के लिए वित्तपोषण, कारोबार को आसान बनाना, छोटे उद्योगों में AI का उपयोग और छोटे उद्यमों को बड़े कारोबार में विकसित करने जैसे विषय शामिल हैं। CEO राउंडटेबल में उद्योगों के विकास और विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

पढ़ें   मोहम्मदपुर हुआ मोहनपुर, खलीलपुर हुआ अवधपुर…राज्य के CM ने बदल दिये एक दर्ज़न गाँवों के नाम, पढ़िये किन गाँवों के नाम बदले गये

कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और उद्यमी शामिल होंगे।

दूसरे दिन AI आधारित प्रशिक्षण

29 सितंबर को MSME के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें Total Productive Maintenance (TPM), Kaizen और AI के इस्तेमाल के जरिए उत्पादन क्षमता, कार्यकुशलता और गुणवत्ता बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के लिए प्रति प्रतिभागी 2,000 रुपए प्लस GST शुल्क निर्धारित किया गया है।

उद्यमियों की समस्याएं सरकार के सामने रखी जाएंगी

CII छत्तीसगढ़ MSME पैनल के संयोजक आदित्य मूंदड़ा के मुताबिक, कॉन्क्लेव में उद्यमियों की व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा होगी। इनमें समय पर ऋण उपलब्ध होना, सरकारी नियमों के अनुपालन का बोझ कम करना और सीमित बजट में नई तकनीक अपनाना प्रमुख मुद्दे हैं।

कॉन्क्लेव में सामने आने वाले सुझावों को संकलित कर राज्य सरकार और केंद्रीय MSME मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा।

छत्तीसगढ़ में 13.4 लाख से अधिक MSME पंजीकृत

छत्तीसगढ़ में 13.4 लाख से अधिक उद्यम पंजीकृत बताए गए हैं। ऐसे में छोटे उद्योगों को वित्तीय सहायता, आधुनिक तकनीक और बड़े बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराना रोजगार और औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उद्घाटन सत्र में कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

28 सितंबर के उद्घाटन सत्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अध्यक्षीय संबोधन देंगे। वहीं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के उद्घाटन संबोधन की संभावना है। CSIDC के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशेष संबोधन देंगे। इस दौरान CSIDC की ओर से RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम पर प्रस्तुति भी दी जाएगी।

CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के उपाध्यक्ष आनंद सिंघानिया ने प्रदेश के उद्यमियों से कॉन्क्लेव में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। आयोजन का पहला दिन CII सदस्यों के लिए निःशुल्क रहेगा, जबकि दूसरे दिन के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *