रायपुर, 03 अक्टूबर 2026। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के विशेष सहयोग से सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री साईंनाथ फाउंडेशन द्वारा 4 अक्टूबर को रायपुर के एक निजी होटल में एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘रंग संगीत’ का आयोजन किया जाएगा। कविता, संगीत और साहित्य से ओतप्रोत इस आयोजन में विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रदेश और दूसरे राज्यों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष राज सिंघानिया ने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास और संस्कृति एवं राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम को चार अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जाएगा। ‘हुनर का मंच’ सत्र में प्रदेश की युवा प्रतिभाओं आरव शुक्ला, निकिता सिंह, राकेश तिवारी, श्रीया चक्रवर्ती, इरफ़ान खान, असित बरनवाल, पंखुड़ी मिश्रा, मिनेश साहू, योगिता साहू, सना तमकीन, दिव्या वर्मा कीर्ति और रिकी बिंदास को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इसके बाद ‘गीत त्रिवेणी’ सत्र में गोपालगंज की कवयित्री सान्या राय, सीतामढ़ी के गीतकार मुरारी मंडल और रायपुर के गीतकार भरत द्विवेदी क्रमशः हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। इन प्रस्तुतियों के जरिए साहित्य और संगीत की विविध विधाओं का संगम देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के सम्मान समारोह में आमंत्रित कलाकारों और अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद लोक गायन के सत्र में जांजगीर से आने वाले सुप्रसिद्ध युवा गायक नीलेश जोगी एवं उनके साथी लोक संगीत सहित विभिन्न विधाओं पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजकों के मुताबिक, ‘रंग संगीत’ का उद्देश्य साहित्य, संगीत और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रतिभाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है।



