रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। सरगुजा दौरे पर गए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर तेलीबांधा चौक के नामकरण को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक दावे पर सोशल मीडिया में पोस्ट कर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि, तेलीबांधा चौक साहू समाज का मान-सम्मान और पहचान है, हमारे पुरखों का बनाया हुआ स्थान है। इसके नामकरण को लेकर फैलायी जा रही बातें पूरी तरह से अविश्वसनीय और निराधार हैं।

अरुण साव ने ट्वीट कर लिखा कि, तेलीबांधा चौक के नामकरण को लेकर रायपुर नगर निगम एवं महापौर मीनल चौबे ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की है।

उन्होंने कहा कि, हमारे पुरखों द्वारा बनाए तेलीबांधा तालाब के दोनों ओर स्थित किसी भी चौक के नामकरण में कोई छेड़छाड़ नहीं किया गया है और ना ही ऐसा कोई प्रस्ताव है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि “सेवा ज्योति संकल्प चौक” के रूप में प्रस्तावित स्थान नेशनल हाईवे रिंग रोड के समीप भूमि के टुकड़े पर प्रस्तावित है।



