रायपुर, 09 अक्टूबर 2026
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अब मरीजों को बेहतर और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। हैदराबाद के ओमेगा हॉस्पिटल और रायपुर के श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल के बीच साझेदारी की शुरुआत हुई है। इस पहल का उद्देश्य कैंसर के मरीजों को आधुनिक जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है।

11 अक्टूबर को आयोजित विशेष कार्यक्रम में ओमेगा मेडिज़ाइन एसोसिएशन की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान व्यापक कैंसर देखभाल केंद्र यानी Comprehensive Cancer Care Centre की आधारशिला भी रखी गई। इस पहल को प्रदेश में कैंसर चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच बड़ी चुनौती
छत्तीसगढ़ में कैंसर के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य सेवाओं के सामने नई चुनौती खड़ी की है। जारी जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2024 में प्रदेश में कैंसर के 30,763 और वर्ष 2025 में 31,553 मामले दर्ज किए गए। वहीं, वर्ष 2024 से जून 2026 तक 17,611 नए मामले सामने आने का उल्लेख किया गया है। इन आंकड़ों के बीच समय पर जांच, सटीक निदान और बेहतर उपचार की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
मरीजों को एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
इस साझेदारी के तहत मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के साथ कैंसर की जांच और उपचार से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसमें पैथोलॉजी, दर्द प्रबंधन, पैलिएटिव केयर और मनोसामाजिक सहयोग जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
इसका उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के दौरान बेहतर मार्गदर्शन, सहयोग और समन्वित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
विश्वस्तरीय तकनीक और विशेषज्ञता लाने की तैयारी
ओमेगा हॉस्पिटल हैदराबाद के प्रबंधन की ओर से बताया गया कि इस पहल के जरिए छत्तीसगढ़ में विश्वस्तरीय चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। ओमेगा हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. मोहन मुनि जी और श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुशील शर्मा सहित प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने इस सहयोग को मरीजों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
ओमेगा हॉस्पिटल वर्ष 2010 से कैंसर और जटिल रोगों के उपचार के क्षेत्र में काम कर रहा है। अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इसके 13 राज्यों में 33 से अधिक केंद्र संचालित हैं।
इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने की कोशिश
इस साझेदारी का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ के मरीजों को अपने प्रदेश में ही उन्नत कैंसर जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे शहरों में इलाज कराने के दौरान होने वाली यात्रा, समय और व्यवस्था संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद मिल सकती है।
कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच यह पहल कितनी प्रभावी साबित होती है, यह उपलब्ध होने वाली सुविधाओं, विशेषज्ञों की उपलब्धता और मरीजों तक उनकी पहुंच पर निर्भर करेगा।



