10 Oct 2026, Sat
Breaking

धमतरी के होटल में युवती की मौत: प्रेमी के शादी से मुकरने पर हुआ विवाद, पिंकी की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में होटल के कमरे में युवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का झांसा देने, मारपीट करने, मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कवर्धा से प्रेमी से मिलने धमतरी आई थी युवती

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कवर्धा जिले की रहने वाली थी। पिंकी का धमतरी के गोकुलपुर वार्ड क्रमांक 36 निवासी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन उसके अन्य युवतियों से भी संबंध थे।

बताया जा रहा है कि इस बात की जानकारी मिलने के बाद पिंकी 24 सितंबर को कवर्धा से धमतरी पहुंची थी। यहां वह सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी।

होटल के कमरे में हुआ था विवाद

पुलिस की जांच के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम आरोपी टिकेश्वर युवती से मिलने होटल पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। बात गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई।

जांच में युवती को पहले भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। इसी दिन पिंकी ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

पढ़ें   दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिले रामविचार नेताम : रामानुजगंज में केंद्रीय विद्यालय खोलने का मिला आश्वासन, आदिवासी बहुल इलाके के बच्चों को मिलेगा बड़ा तोहफ़ा

आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस

मामले की जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने 9 अक्टूबर को टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *