रायपुर, 18 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम बदला हुआ रह सकता है। वहीं, राजधानी रायपुर में फिलहाल तेज बारिश की संभावना नहीं है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी पहुंचने के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार को भी राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के बीच बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

जशपुर में 3 सेंटीमीटर बारिश, बीजापुर में भी बरसे बादल

शनिवार को जशपुर जिले के पत्थलगांव और कुनकुरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। इन इलाकों में बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला।
रायपुर में 34 डिग्री तक रहेगा तापमान
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, हालांकि दोपहर या शाम के समय बादल छा सकते हैं।
अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
बिजली गिरने के दौरान बरतें सावधानी
बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका के बीच खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। गरज-चमक के दौरान सुरक्षित पक्के भवन के भीतर रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।


