23 Oct 2026, Fri
Breaking

रायपुर में अवैध नल कनेक्शन रखने वालों को देना होगा अर्थदंड, जलकर भी वसूलेगा नगर निगम, आयुक्त ने नियमितीकरण की प्रक्रिया तेज करने के दिए निर्देश

रायपुर, 23 अक्टूबर। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बड़े बकायादारों से नियमानुसार सख्ती से वसूली करने, अवैध नल कनेक्शनों का नियमितीकरण करने और नागरिकों की जनशिकायतों का समयसीमा में त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा है।

आयुक्त संबित मिश्रा ने शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समयसीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश

आयुक्त ने रायपुर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई से संबंधित प्राप्त जनशिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की और सफाई कार्य से पहले तथा बाद की प्रमाणिक तस्वीरों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और शिकायतों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

31 दिसंबर तक संपत्तिकर जमा करने पर मिलेगी 4 प्रतिशत छूट

नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आयुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों से कहा कि नगर निगम के हित को सर्वोपरि रखते हुए राजस्व वसूली के लक्ष्य पूरे किए जाएं।

आयुक्त ने बताया कि 31 दिसंबर 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष का संपत्तिकर पूर्ण रूप से जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 4 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इस छूट की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने और पात्र करदाताओं को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

पढ़ें   PWD सचिव का अल्टीमेटम: 30 जून तक टेंडर, 31 जुलाई तक वर्क ऑर्डर जारी करें, अफसरों से बोले—‘फाइल नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए काम’

इसके साथ ही बड़े बकायादारों से बकाया राजस्व की वसूली नियमानुसार सख्ती से करने को कहा गया। नामांतरण से संबंधित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

अवैध नल कनेक्शनों का होगा नियमितीकरण

आयुक्त ने अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार करारोपण की प्रक्रिया में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित अर्थदंड लेकर ऐसे कनेक्शनों का नियमितीकरण करने और संबंधित उपभोक्ताओं से नियमानुसार जलकर की वसूली सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में नगर निगम के विभिन्न विभागों द्वारा ई-चालान की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की प्रकाश व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर होगी कार्रवाई

आयुक्त ने शहर में अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में नियमानुसार समझौता संभव है, उनमें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाए। वहीं, जिन मामलों में समझौते का प्रावधान नहीं है, उनमें नियमानुसार निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाए।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग को मिलेगा बढ़ावा

शहर में वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करने के लिए आयुक्त ने अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, इस प्रणाली का बेहतर रखरखाव करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निराकरण किया जाए।

पढ़ें   सुरक्षा बल को बड़ी सफलता: मुठभेड़ में 03 पुरुष नक्सलियों के शव बरामद, 25 लाख का ईनामी माओवादी सुधाकर मुठभेड़ में मारा गया

प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना की समीक्षा

बैठक में आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण की प्रगति और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, कार्यों को लगातार जारी रखने और निर्धारित समयसीमा में शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय और रवि राही, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा सहित सभी उपायुक्त, जोन कमिश्नर, विभागीय प्रभारी अधिकारी, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, जोन सहायक राजस्व अधिकारी और नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed