25 Oct 2026, Sun
Breaking

रायपुर के मरीन ड्राइव पर अंगदान के लिए दौड़ी जागरूकता की मुहिम: ILS हॉस्पिटल के वॉकथॉन में 3500 लोग जुटे, 8000 ने ऑनलाइन दिया समर्थन

 

रायपुर, 25 अक्टूबर। जरूरतमंदों को नया जीवन देने और अंगदान के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा रविवार, 25 अक्टूबर को मरीन ड्राइव में ‘ILS Walkathon 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ मुख्य थीम पर आधारित इस महा-अभियान में शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के 3500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

मरीन ड्राइव से शुरू हुई इस वॉक में सभी के हाथों में अंगदान के महत्व को दर्शाते बैनर और तख्तियां थीं, जो राहगीरों और शहरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। आईएलएस के इस जागरूकता कार्यक्रम को ऑनलाइन 8000 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराकर अपना समर्थन दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, विशेष अतिथि पद्मश्री अनुज शर्मा, डीजीपी राजीव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक-यातायात संजय शर्मा, आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल, सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया एवं आईएलएस हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने अंगदान को महादान बताते हुए इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर अपने विचार रखे। उन्होंने आईएलएस हॉस्पिटल की इस नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज के हर नागरिक को जीवन बचाने के इस पवित्र कार्य से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर अंगदान का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन की विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम को सफल बनाने और प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने के लिए आईएलएस हॉस्पिटल के वरिष्ठ विशेषज्ञ एवं चिकित्सक पूरी ऊर्जा के साथ मौजूद रहे। इनमें रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे तथा कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल ओस्तवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉक्टरों ने भी पैदल चलकर लोगों को अंगदान के महत्व और इसकी जरूरत के प्रति जागरूक किया।

पढ़ें   आज से फिर शुरू होंगे ऑनलाइन काम: राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने की पुष्टि, पटवारियों की हड़ताल समाप्त, जनता के हित में लिया गया अहम निर्णय

लकी ड्रॉ के विजेताओं ने बढ़ाया उत्साह

वॉकथॉन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए आकर्षक लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से ईवी स्कूटर, टैबलेट एवं अन्य उपहारों का वितरण किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और रोमांच भर दिया।

आईएलएस हॉस्पिटल रायपुर के मार्केटिंग हेड सतनाम सिंह ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे, ताकि रायपुर को स्वस्थ और जागरूक बनाया जा सके।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed